आदित्यपुर की मुस्लिम बस्ती में घर में घुसकर फायरिंग, युवक घायल, एक आरोपी गिरफ्तार

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार देर रात घर में घुसकर फायरिंग किए जाने से सनसनी फैल गई। तीन युवकों ने कथित तौर पर मो. इमरान के घर में घुसकर उसके छोटे भाई मो. अब्दुल जाफर पर गोली चला दी। गोली जाफर के सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

बताया गया कि अब्दुल जाफर शुक्रवार रात अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और घर में घुसकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच एक युवक ने जाफर पर गोली चला दी। गोली उसके सिर को छूते हुए निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। गोली चलाने के बाद तीनों युवक पैदल भागने लगे। स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के कब्जे से युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया युवक मानगो के आजादनगर क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं, फरार आरोपियों के कपाली और मानगो क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर फायरिंग में शामिल अन्य युवकों और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कपाली निवासी मो. कलीम और उसके साथियों पर भी घटना में शामिल होने का संदेह है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। इधर, पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

जपकाकोना कारीपानी में 16 हाथियों का डेरा, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से निगरानी और सुरक्षित तरीके से खदेड़ने की मांग
सिमडेगा: सदर प्रखंड की बीरू पंचायत के जपकाकोना कारीपानी गांव में करीब 16 हाथियों के झुंड ने डेरा डाल रखा है। बीती…

जुगसलाई की प्लाईवुड दुकान में चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर: जुगसलाई के घोड़ा चौक स्थित मल्लिक प्लाईवुड दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार…
















