two-major-thefts-ranchi-cause-panic

रांची में चोरी की दो बड़ी वारदातों से दहशत, अपर बाजार में 20 लाख तो अपार्टमेंट से 36 लाख के जेवरात पार

Share
Link copied

रांची। राजधानी रांची में चोरों ने एक ही दिन में दो अलग-अलग इलाकों में बड़ी वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपर बाजार में एक सिगरेट एजेंसी से 20 लाख रुपये से अधिक के सामान और नकदी की चोरी हुई है, जबकि चुटिया थाना क्षेत्र के अनंतपुर स्थित सुकीर्ति अपार्टमेंट में दिनदहाड़े एक फ्लैट से करीब 36.30 लाख रुपये मूल्य के हीरे, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए गए।

RKDF
advertisement

अपर बाजार में पांच से ज्यादा ताले तोड़कर चोरी

राजधानी के प्रमुख कारोबारी इलाके अपर बाजार में चोरों ने एक सिगरेट एजेंसी को निशाना बनाया। बदमाशों ने एजेंसी की सुरक्षा में लगे पांच से अधिक ताले तोड़े और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद एजेंसी में रखे सिगरेट के कार्टन और नकदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना का पता चलने के बाद एजेंसी संचालक और आसपास के कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अपर बाजार में बड़ी संख्या में थोक कारोबारी, दुकानें और गोदाम हैं। ऐसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में लाखों रुपये की चोरी की घटना से व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कारोबारियों ने रात की पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत बताई है।

Advertisment
Advertisment

चुटिया के अपार्टमेंट में दिनदहाड़े 36.30 लाख की चोरी

दूसरी घटना चुटिया थाना क्षेत्र के अनंतपुर स्थित सुकीर्ति अपार्टमेंट की है। यहां फ्लैट नंबर-201 को चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि वारदात के समय फ्लैट बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर अंदर दाखिल हुए और अलमारी समेत घर के अलग-अलग हिस्सों को खंगाल डाला। चोर फ्लैट से करीब 36.30 लाख रुपये मूल्य के हीरे, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Advertisment
Advertisment

लगातार बड़ी चोरी की घटनाओं से सुरक्षा पर सवाल

रांची में अलग-अलग स्थानों पर हुई इन दोनों घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। एक तरफ शहर के प्रमुख कारोबारी क्षेत्र में ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी किया गया, वहीं दूसरी ओर एक अपार्टमेंट के बंद फ्लैट को दिनदहाड़े निशाना बनाया गया।फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। चोरी की वास्तविक राशि और घटना में शामिल आरोपियों की संख्या का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

ABOUT THE AUTHOR
रिक्की राज

रिक्की राज

रिपोर्टर

रिक्की राज को पिछले दस वर्षों का मीडिया के क्षेत्र का अनुभव है । इस दौरान पांच वर्षो से इन्होंने डिजिटल मीडिया के लिए इन्होंने कई बड़ी खबरों का कवरेज किया है ।