हाइवा ने खड़े ब्रेकडाउन ट्रेलर में मारी जोरदार टक्कर, चालक की मौत

चतरा: सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग पर मुरवे स्टेडियम के समीप देर रात कोयला लदे हाइवा ने सड़क किनारे खड़े कोयला लदे ब्रेकडाउन ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बड़कागांव थाना क्षेत्र के सीकरी निवासी 28 वर्षीय धीरंजन साव के रूप में हुई है।

टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन में फंस गया था। शव निकालने के दौरान गैस कटर की गैस खत्म हो जाने से पुलिस और राहत टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता की तत्परता से काफी प्रयास के बाद चालक का शव केबिन से बाहर निकाला गया। घायल उपचालक को प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर किया गया है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क किनारे रख दिया। हालांकि परिजनों ने सड़क जाम नहीं किया। वे मुआवजे की मांग को लेकर कई घंटे तक मौके पर डटे रहे। सूचना पर सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता और सीओ गौरव कुमार राय घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत के बाद मामला शांत हुआ। सीओ गौरव कुमार राय ने बताया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। ट्रांसपोर्टिंग कंपनी की ओर से तत्काल चार लाख रुपये दिए जा चुके हैं, जबकि मंगलवार को उनके नेतृत्व में दो लाख रुपये और दिए जाएंगे। इस तरह कुल छह लाख रुपये के मुआवजे पर परिजनों, ग्रामीणों और राजनीतिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सहमति बनी है।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई की गई। हादसा देर रात होने के कारण चालक के हाइवा से अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर से टकराने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बेकन फैक्ट्री को आधुनिक तकनीक से फिर मिलेगा जीवन, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया निरीक्षण
रांची। कांके स्थित ऐतिहासिक बेकन फैक्ट्री को आधुनिक तकनीक और नई कार्ययोजना के साथ फिर से जीवंत करने की तैयारी शुरू हो…
भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच की मेजबानी करेगा रांची, JSCA ने जारी की टिकटों की कीमत
रांची। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर टिकटों की…















