रामगढ़ में ट्रक और टिप-ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत, चालक केबिन में फंसा, एक घंटे बाद निकाला गया

रामगढ़: रामगढ़ जिले के बरकाकाना बाजार रेलवे स्टेशन के समीप रामगढ़–पतरातू मुख्य मार्ग पर सोमवार देर रात ट्रक और टिप-ट्रेलर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हादसे की सूचना मिलते ही बरकाकाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय युवकों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। चालक को केबिन से बाहर निकालने के लिए क्रेन की भी सहायता ली गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर गंभीर हालत में इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया।
बरकाकाना थाना के पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि दो वाहनों की टक्कर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर ट्रक चालक केबिन में फंसा हुआ था, जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शी अमित कुमार के अनुसार, ट्रक पतरातू की ओर से रामगढ़ आ रहा था, जबकि टिप-ट्रेलर रामगढ़ से पतरातू की ओर जा रहा था। बरकाकाना बाजार रेलवे स्टेशन के समीप दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार या लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
















