पाकिस्तान से 300 करोड़ आने का झांसा देकर 4.50 लाख की ठगी, आगरा से दो साइबर आरोपी गिरफ्तार

बोकारो: साइबर अपराधियों ने महाराष्ट्र एटीएस का अधिकारी बनकर गोमिया की एक महिला से 4.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने महिला को बताया कि उसके पति के बैंक खाते में पाकिस्तान से 300 करोड़ रुपये आए हैं और इस रकम के बदले उन्हें 16 लाख रुपये कमीशन मिला है। इसके बाद कानूनी कार्रवाई और डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर अलग-अलग माध्यमों से रकम ठग ली गई। मामले की जांच के बाद बोकारो साइबर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा से दो कथित साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आगरा के नगला हरमुख निवासी रवि कुमार (23) और खेरागढ़ निवासी ऋतिक कुशवाहा (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से आईफोन-15 और 256 जीबी का नथिंग फोन (3ए) बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल की जांच में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन से जुड़े ऑडियो और मैसेज मिले हैं।

मामला बोकारो साइबर थाना कांड संख्या 08/2026 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 13 मार्च 2026 को गोमिया थाना क्षेत्र की पुष्पलता त्रिपाठी को साइबर अपराधियों ने फोन किया था। फोन करने वाले ने खुद को महाराष्ट्र एटीएस का अधिकारी बताया और कहा कि उनके पति गिरिश दत्त त्रिपाठी के बैंक खाते में पाकिस्तान से 300 करोड़ रुपये अवैध रूप से आए हैं। अपराधियों ने दावा किया कि इस रकम के बदले उनके पति को 16 लाख रुपये कमीशन मिला है।

इसके बाद आरोपियों ने परिवार को कानूनी कार्रवाई और पति को डिजिटल अरेस्ट किए जाने का डर दिखाया। भयभीत महिला से अलग-अलग माध्यमों के जरिए कुल 4.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने बैंक लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर डीएसपी सह थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम आगरा पहुंची और छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल में मिले ऑडियो और संदेश साइबर ठगी से जुड़े अहम साक्ष्य हो सकते हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले की आगे की जांच जारी है।

साइबर थाना बोकारो की ओर से ठगी की रकम वापस कराने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) के माध्यम से विभिन्न मामलों में कुल 4,30,009 रुपये की राशि पीड़ितों को वापस कराने की प्रक्रिया पूरी की गई है। इसमें 16 खाताधारकों को कुल 1,50,957 रुपये लौटाए गए हैं। वहीं, कांड संख्या 35/2026 में प्रवीण कुमार के एचडीएफसी बैंक खाते में 2,79,052 रुपये वापस कराए गए हैं।

छापेमारी टीम में पुअनि गौरव गोयल, पुअनि प्रमोद कुमार पंडित, पुअनि रमेश कुमार, आरक्षी रितेश कुमार और आरक्षी सुनील मंडल शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर राज्य से बाहर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा भी की गई है।

चतरा में 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक और iPhone जब्त
चतरा: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को…

दलमा इको-सेंसिटिव जोन में अवैध खनन पर कार्रवाई, क्रशर मशीन सील
जमशेदपुर: दलमा इको-सेंसिटिव जोन में अवैध पत्थर खनन और क्रशर संचालन के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने मंगलवार को कार्रवाई की।…
















