अपराध पर डीजीपी तदाशा मिश्रा सख्त, केनरा बैंक लूट और मरीन ड्राइव गोलीकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का निर्देश

जमशेदपुर: झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचकर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिसिंग की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बिष्टुपुर के सीएच एरिया स्थित पूर्वी सिंहभूम एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकरीब के आवास पर हुई बैठक में दोनों जिलों के वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में हाल के आपराधिक मामलों, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

डीजीपी ने जमशेदपुर के केनरा बैंक लूटकांड और मरीन ड्राइव स्थित रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना की जांच की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने दोनों मामलों में अब तक हुई कार्रवाई, संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी अधिकारियों से ली। डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वारदात में शामिल अपराधियों और गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित हो।

बैठक में संगठित अपराध पर अंकुश लगाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। डीजीपी ने खुफिया तंत्र को मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और शहर के संवेदनशील इलाकों में गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुलिस की सक्रियता ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़े और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में कोल्हान प्रक्षेत्र के कई वरीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

जूनियर एशिया कप में गोल्ड जीतकर पार्वती टोपनो ने बढ़ाया गुमला का मान, डीसी ने किया सम्मानित
निर्मल सिंह गुमला: कामडारा प्रखंड की युवा हॉकी खिलाड़ी पार्वती टोपनो ने जूनियर महिला एशिया कप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर गुमला…

734 करोड़ के कथित फर्जी GST-ITC मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, जमशेदपुर के कारोबारी और बेटे को किया गिरफ्तार
जमशेदपुर: झारखंड में सामने आए 734 करोड़ रुपये के कथित फर्जी GST इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने…
















