जेपीएससी भर्ती में अनियमितता के आरोपों की सीबीआई जांच की मांग, शोभा यादव बोलीं- पैसे लेकर नंबर बढ़ाने का जवाब दे सरकार

रांची: झारखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने जेपीएससी भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता के आरोपों को गंभीर बताते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक मामले की जांच सीबीआई से नहीं होगी, तब तक पूरे सच का सामने आना मुश्किल है।

शोभा यादव ने कहा कि सीआईडी जांच के दौरान अभ्यर्थियों से पैसे लेकर इंटरव्यू के अंकों में कथित हेरफेर किए जाने से जुड़े बयान सामने आने की बात कही जा रही है। आरोपों के मुताबिक, एक अभ्यर्थी से करीब 15 लाख रुपये लेने और इसके बदले इंटरव्यू में 80 अंक तक बढ़ाने की बात सामने आई है। उन्होंने दावा किया कि कथित सेटिंग के जरिए कुछ अभ्यर्थियों का चयन डीएसपी और डिप्टी जेलर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी हुआ।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अगर किसी भर्ती परीक्षा में मेहनत और योग्यता के बजाय पैसे और पहुंच के आधार पर अंक तय करने के आरोप सामने आते हैं, तो यह केवल कुछ अभ्यर्थियों का मामला नहीं है। इससे हजारों ईमानदार युवाओं के भविष्य और पूरी भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा होता है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जेपीएससी जैसी महत्वपूर्ण संस्था से जुड़े मामले में अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद जवाबदेही तय करने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।

शोभा यादव ने कहा कि आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए सीबीआई जांच जरूरी है, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आए और कथित तौर पर जुड़े लोगों की पहचान हो सके। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को नौकरी चाहिए, नौकरी के नाम पर सौदेबाजी नहीं। उन्होंने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

सरकारी ब्लड बैंकों के एमओयू के मुद्दे पर अर्जुन मुंडा से मिले खुबैब शाहिद
सिमडेगा: झारखंड राज्य स्वैच्छिक रक्तदान संगठन कोऑर्डिनेशन कमिटी के दक्षिण छोटानागपुर प्रभारी खुबैब शाहिद ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से मुलाकात कर…

जमीन विवाद में हत्या के मामले में फरार महिला आरोपी गिरफ्तार
सिमडेगा: बोलबा थाना क्षेत्र के पालेमुंडा कुम्हारटोली में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रही…
















