सिदगोड़ा दुर्गा पूजा में दिखेगा काशी के घाटों का नजारा, तीन दिन होगी विशेष आरती

जमशेदपुर: न्यू सिदगोड़ा में इस वर्ष दुर्गा पूजा को भव्य और धार्मिक स्वरूप देने की तैयारी है। पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दर्शन के साथ बनारस के घाटों पर होने वाली गंगा आरती का अनुभव भी मिलेगा। करीब 150 फीट ऊंचे और 80 फीट चौड़े पंडाल में आकर्षक सजावट और विद्युत रोशनी के जरिए काशी के घाटों का दृश्य तैयार किया जाएगा।

पूजा के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने बुधवार को बताया कि पंडाल परिसर में लगातार तीन दिनों तक बनारस घाट की आरती की तर्ज पर विशेष आरती का आयोजन होगा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 45 सदस्यीय महिला सुरक्षा दल तैनात किया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूजा परिसर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि सिदगोड़ा में वर्ष 1953 से दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है। बंगाल, ओडिशा और बिहार समेत विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां पूजा में शामिल होने पहुंचते हैं। चंद्रगुप्त सिंह के अनुसार, वह वर्ष 1990 से इस आयोजन के मुख्य संरक्षक के रूप में जुड़े हुए हैं।

पूजा पंडाल का उद्घाटन 14 अक्टूबर की शाम सात बजे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ करेंगे। पूजा के दौरान लगातार तीन दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोग वितरण की व्यवस्था भी रहेगी। पूजा परिसर में मेले का आयोजन किया जाएगा, जहां विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों के स्टॉल और अन्य सामग्री उपलब्ध रहेगी।

आयोजकों के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवागमन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। आकर्षक विद्युत सज्जा और काशी के घाटों की थीम के साथ इस बार सिदगोड़ा दुर्गा पूजा को धार्मिक और सांस्कृतिक आकर्षण का केंद्र बनाने की तैयारी है।
रांची में भारत-बांग्लादेश T20 मैच को लेकर ट्रैफिक रूट में बदलाव, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

















