जमशेदपुर में युवक की मौत: पत्नी ने सास और जेठ पर लगाया आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, 8 साल पहले किया था प्रेम विवाह
जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु रोड नंबर एक में 28 वर्षीय आकाश साहू की फांसी लगाने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी सीमा देवी ने अपनी सास, जेठ और परिवार के अन्य सदस्यों पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, आकाश साहू जोमैटो में फूड डिलीवरी का काम करते थे। घटना के बाद परिजन उन्हें मर्सी अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर किया गया। हालांकि, टीएमएच में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

आठ साल पहले किया था प्रेम विवाह
मृतक की पत्नी सीमा देवी के अनुसार, उन्होंने करीब आठ वर्ष पहले आकाश साहू से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे हैं। सीमा का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी सास श्यामकली देवी पति पर घर छोड़ने का दबाव बना रही थीं। इस बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था।
सीमा ने बताया कि शुक्रवार सुबह आकाश काम पर चले गए थे। इसके बाद सास ने उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की। इससे परेशान होकर उन्होंने फोन पर पति को पूरे मामले की जानकारी दी और बच्चों को लेकर मैदान चली गईं।

घर पहुंचीं तो पंखे से लटकी मिली चुन्नी
सीमा के मुताबिक, कुछ देर बाद आकाश घर लौट आए। जब उन्होंने पति को फोन किया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद वह घर पहुंचीं, तो पंखे से चुन्नी लटकी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन आकाश को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।


पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
सीमा देवी ने पति की मौत के लिए सास श्यामकली देवी, जेठ और परिवार के अन्य सदस्यों को जिम्मेदार ठहराते हुए पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
इधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शनिवार को टीएमएच से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की जानकारी सामने आ सकती है।

ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग, कांग्रेस ने मनाया काला दिवस; डीसी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन
जमशेदपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पूर्वी…

जमशेदपुर में 599 लावारिस शवों के लिए सामूहिक पिंडदान, अंत्योदय संस्था ने निभाया मानवीय दायित्व
वर्ष 2022 से बेसहारा मृतकों का अंतिम संस्कार करा रही संस्था, अमावस्या पर पार्वती श्मशान घाट में हुआ धार्मिक अनुष्ठान जमशेदपुर। मृत्यु…

















