दुर्गा पूजा पर जमशेदपुर में ट्रैफिक प्लान लागू, 15 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग और वन-वे व्यवस्था लागू, विसर्जन के दिन कई मार्गों पर चारपहिया वाहनों की नो-एंट्री
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत 15 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों के परिचालन पर समय के अनुसार प्रतिबंध रहेगा। वहीं, प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं और कई मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, 15 अक्टूबर को शाम चार बजे से रात एक बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। 16 से 20 अक्टूबर तक सुबह पांच बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक भारी वाहन चल सकेंगे। इसके बाद प्रतिदिन सुबह पांच बजे तक बसों को छोड़कर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
विसर्जन के दिन इन मार्गों पर प्रतिबंध
21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुबह छह बजे से विसर्जन समाप्त होने तक निर्धारित विसर्जन मार्गों पर बसों सहित सभी प्रकार के चारपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था भी की गई है।
मानगो और साकची के बीच ऑटो का बदला रूट
मानगो से साकची आने वाले ऑटो मानगो बस स्टैंड चौक से एमजीएम अस्पताल, शीतला मंदिर और दिल्ली दरबार होटल होते हुए साकची गोलचक्कर पहुंचेंगे। वहीं, साकची से मानगो जाने वाले ऑटो बंगाल क्लब, किताब लाइन और ओल्ड कोर्ट मोड़ से मरीन ड्राइव होते हुए पुराने पुल के रास्ते जाएंगे। दोनों दिशाओं में ऑटो के परिचालन के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। साकची से भालूबासा, बारीडीह और सिदगोड़ा जाने वाले छोटे वाहन स्ट्रेट माइल रोड और कुम्हारपाड़ा होकर चलेंगे। जरूरत पड़ने पर प्रशासन वैकल्पिक मार्गों से भी यातायात संचालित कराएगा।
पूजा पंडालों के लिए कहां होगी पार्किंग?
प्रशासन ने प्रमुख पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है।
काशीडीह पूजा पंडाल: ठाकुर प्यारा सिंह मैदान में पार्किंग प्रस्तावित।
बंगाल क्लब पूजा पंडाल: आमबगान और जुबली पार्क के गेट नंबर एक के सामने वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग करने के बजाय निर्धारित स्थलों का इस्तेमाल करें।
पुराने खरकई पुल पर वाहनों की नो-एंट्री
बिष्टुपुर से आदित्यपुर जाने वाले पुराने खरकई पुल पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस पुल पर केवल पैदल आने-जाने की अनुमति होगी। आदित्यपुर जाने वाले वाहन चालकों को भोल्टास गोलचक्कर से नए पुल का इस्तेमाल करना होगा। इसके अलावा कदमा, सोनारी, टेल्को और बर्मामाइंस क्षेत्रों में भी पूजा पंडालों की स्थिति के अनुसार यातायात मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में निकलने से पहले वाहन चालकों को अपने मार्ग की जानकारी लेने की सलाह दी गई है, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

गुमला में पैदल रास्ते से लोहरदगा ले जाए जा रहे मवेशी, तस्करी का आरोप
निर्मल सिंह गुमला: गुमला जिले में मवेशियों को पैदल रास्ते से लोहरदगा ले जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पशु…

मायके जाने के दौरान मोटरसाइकिल से गिरी महिला, इलाज के दौरान मौत
मेदिनीनगर। पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका…

















