mithilesh-thakur-attacks-center-delimitation-bill

परिसीमन ( Delimitation) बिल पर मिथिलेश ठाकुर का केंद्र पर हमला, बोले- आदिवासी सीटें घटीं तो JMM करेगी विरोध

Share
Link copied
परिसीमन बिल पर JMM का विरोध

‘केंद्र सरकार खुला सांड हो गई है’, मिथिलेश ठाकुर का तीखा हमला

  • परिसीमन बिल की मौजूदा समय में जरूरत पर उठाए सवाल।
  • कहा- झारखंड में आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या घटी तो JMM करेगी विरोध।
  • आदिवासी और मूलवासी समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखने की मांग।
  • विपक्ष बिल के संभावित नफा-नुकसान का कर रहा आकलन।
  • केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का लगाया आरोप।
मिथिलेश ठाकुर का साफ संदेश: परिसीमन से कोई परहेज नहीं, लेकिन आदिवासी प्रतिनिधित्व के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं।
बयान: मिथिलेश कुमार ठाकुर | केंद्रीय महासचिव, JMM

गढ़वा। परिसीमन (Delimitation) बिल को लेकर झारखंड में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सह पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने परिसीमन बिल की मौजूदा समय में जरूरत पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन का विरोध नहीं कर रही है, लेकिन इसके नाम पर यदि झारखंड में आदिवासी समुदाय के लिए आरक्षित लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या घटती है, तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान मिथिलेश ठाकुर ने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए उसे ‘खुला सांड’ करार दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह मनमानी पर उतर आई है और जो चाहती है, वही कर रही है। सरकार नहीं चाहती कि दबे-कुचले और वंचित समाज के लोग अपनी आवाज उठाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है।

आदिवासी और मूलवासी हितों पर जताई चिंता

मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन आदिवासी और मूलवासी समुदायों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के उद्देश्य से हुआ है। राज्य के आदिवासी समुदाय के लोगों को विधानसभा और लोकसभा में अपनी बात रखने का पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद यदि आदिवासी समुदाय के लिए आरक्षित सीटों की संख्या और उनका प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहता है, तो पार्टी को इस प्रक्रिया से कोई परेशानी नहीं है। लेकिन यदि इसके पीछे केंद्र सरकार की कोई गलत मंशा या राजनीतिक साजिश है और इससे आदिवासी समुदाय का प्रतिनिधित्व प्रभावित होता है, तो झामुमो इसका विरोध करेगा।

पहले नफा-नुकसान का आकलन करेगा विपक्ष

पूर्व मंत्री ने कहा कि परिसीमन को लेकर विपक्षी दल भी अपने-अपने स्तर पर इसके संभावित नफा-नुकसान का आकलन कर रहे हैं। यदि इस प्रक्रिया से किसी तरह का नुकसान नहीं होता है, तो बिल को लेकर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लेकिन यदि इसके प्रावधानों में झारखंड और आदिवासी समाज के हितों के खिलाफ कोई साजिश नजर आती है, तो पार्टी इस पर गंभीरता से विचार करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया है और समय-समय पर होती रहती है। सवाल प्रक्रिया का विरोध करने का नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने का है कि इसके जरिए किसी राज्य या समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को नुकसान न पहुंचे।

ABOUT THE AUTHOR
आकाश सिंह

आकाश सिंह

वरिष्ठ संवाददाता

आकाश सिंह - पिछले करीब 18 वर्षों से राजनीतिक और क्राइम बीट पर सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इस दौरान जमीनी रिपोर्टिंग, चुनाव कवरेज, प्रशासनिक मुद्दों और संवेदनशील मामलों पर गहराई से काम किया है। साथ ही, पिछले लगभग 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अनुभव रखते हैं, जहां न्यूज स्क्रिप्ट लेखन, वीडियो कंटेंट निर्माण, वॉइसओवर और सोशल मीडिया के लिए प्रभावी कंटेंट तैयार किया है