बिहार के वैशाली में गंगा नदी में नाव पलटी, 13 बच्चों की मौत; एक ही परिवार की 7 बच्चियां शामिल**

बिहार: मंगलवार रात वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा नदी में एक छोटी नाव पलटने से 13 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर 6 से 15 साल की उम्र के बच्चे हैं। इनमें एक ही परिवार की 7 बच्चियां शामिल हैं। सभी श्राद्ध का भोज खाने के लिए नदी पार जा रहे थे।

हादसा मंगलवार रात करीब 8.30 बजे हुआ। रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध का भोज था। करीब 20-25 लोग (ज्यादातर बच्चे) एक छोटी निजी नाव में सवार होकर नदी पार कर रहे थे। बीच धारा में नाव अचानक डगमगाई और पलट गई। नाव क्षमता से ज्यादा लोगों से भरी हुई बताई जा रही है। कुछ रिपोर्ट्स में नाव के पुराना और खराब होने का भी जिक्र है।

वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने पुष्टि की कि अब तक 13 शव बरामद हो चुके हैं। सभी मृतक 15 साल से कम उम्र के बच्चे हैं। 7 लोगों को बचा लिया गया है, जिन्हें इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (NMCH) भेजा गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। SDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतकों में पिंकी कुमारी, अंकिता कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, अलीशा कुमारी, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी, मीरा कुमारी आदि शामिल हैं। कई मृतक एक ही खानदान से हैं। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से इनकार कर दिया है। सभी शव गांव पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस त्रासदी को ‘बहुत दर्दनाक’ बताया और मृतकों के परिजनों को 2 लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी और मृतकों की संख्या तथा बचाए गए लोगों के बारे में जानकारी दी। गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के कई चिराग बुझ जाने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जमशेदपुर में अवैध हथियार के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टा और पांच गोलियां बरामद
जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के दम पर रंगदारी वसूलने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया…

बच्चों को एसडीपीओ ने समझाया अच्छे-बुरे स्पर्श का फर्क, कहा- अनुचित व्यवहार पर चुप न रहें
सिमडेगा: बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाने और उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सिमडेगा पुलिस ने ‘मोर…
















