गोड्डा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मां ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

गोड्डा: जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मां ने उसके पति नीतीश कुमार गुप्ता पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस के अनुसार आसपास के लोगों ने महिला के फंदे से झूलकर जान देने की बात कही है। फिलहाल मौत की असल वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान विजेता कुमारी के रूप में हुई है। वह महागामा थाना क्षेत्र के माल खदहारा की रहने वाली थी। वर्ष 2020 में उसकी शादी अमरपुर गांव के नीतीश कुमार गुप्ता से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें साढ़े तीन साल की बेटी और ढाई साल का बेटा शामिल हैं।
मृतका के परिजनों के मुताबिक, पति की किसी अन्य लड़की से बातचीत को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। विजेता की मां का आरोप है कि इस बात का विरोध करने पर नीतीश पहले भी उसकी बेटी के साथ मारपीट करता था। मां ने इस बार गला दबाकर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर विजेता के आत्महत्या करने की सूचना दी गई। इसके बाद मायके के लोग अमरपुर पहुंचे। परिजनों का दावा है कि उन्होंने विजेता के शरीर पर चोट के निशान देखे। वे उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन से सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पथरगामा थाना प्रभारी कृष्णा साहा ने बताया कि आसपास के लोगों के अनुसार विजेता ने फंदे से झूलकर जान दी है। हालांकि, मृतका की मां और अन्य परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संबंधित पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

झारखंड पुलिस का दारोगा बन युवती को जाल में फंसाने का आरोप, गया से गिरफ्तार हुआ आरोपी
रांची: खुद को झारखंड पुलिस का दारोगा बताकर एक युवती को अपने झांसे में लेने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप…

कोलेबिरा में नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार
सिमडेगा: जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त मोहन…
















