30-day-ultimatum-removal-palamu-fort

पलामू किला नाका हटाने के लिए 30 दिन का अल्टीमेटम, बेतला वन कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी

Share
Link copied
30-day-ultimatum-removal-palamu-fort
30-day-ultimatum-removal-palamu-fort

पलामू किला में 1,950 रुपये शुल्क वसूले जाने के विरोध में संयुक्त ग्राम सभा मंच के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों ने बारिश के बीच बेतला वन विभाग कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नाका-बैरियर हटाने की मांग की। ग्रामीणों ने विभाग को ज्ञापन सौंपकर 30 दिनों का अल्टीमेटम दिया। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर नाका नहीं हटाया गया, तो वन विभाग कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान मेदनी आजाद संघ के सचिव सतीश सिंह चेरो ने विधायक रामचंद्र सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक के इशारे पर छूट देने की बात सामने आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि पलामू किला ग्रामीणों की विरासत है, ऐसे में उनकी विरासत पर वन विभाग का हस्तक्षेप क्यों हो रहा है। वहीं, संयुक्त ग्राम सभा मंच के नेतृत्वकर्ता कन्हाई सिंह ने आरोप लगाया कि विधायक के संरक्षण में वन विभाग मनमानी कर रहा है। ग्रामीणों ने पलामू किला में शुल्क वसूली का विरोध करते हुए नाका हटाने की मांग दोहराई।

प्रदर्शनकारियों ने फसल नुकसान के मुआवजे को 162 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रति डिसमिल करने की मांग की। इसके अलावा वन्यजीवों के हमले में किसी व्यक्ति की मौत होने पर पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि 30 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा और वन विभाग कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।