रामरेखा धाम मेले की डाक बंदोबस्ती पर विवाद, समिति का ऐलान- टेंडर हुआ तो नहीं लगेगा मेला

सिमडेगा: रामरेखा धाम में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले की डाक बंदोबस्ती को लेकर विवाद गहरा गया है। रामरेखा धाम समिति ने मेला परिसर और पार्किंग की डाक बंदोबस्ती की प्रक्रिया का विरोध करते हुए ऐलान किया है कि यदि टेंडर की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, तो इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा का मेला आयोजित नहीं किया जाएगा। हालांकि, मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान जारी रहेंगे।
इस संबंध में गुरुवार को रामरेखा धाम परिसर में समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ईश्वर प्रसाद साहू की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक की शुरुआत ब्रह्मलीन बाबा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलित करने के बाद विजय महामंत्र के साथ हुई। बैठक में कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक अनुष्ठानों और मेले की व्यवस्था पर चर्चा की गई।
बैठक में समिति के सदस्यों ने प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि 22 अक्टूबर को प्रशासन की ओर से बैठक की सूचना दी गई थी और 23 अक्टूबर को हुई बैठक में समिति ने मेले से पहले किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं करने का आग्रह किया था। समिति के अनुसार, सत्संग भवन, गौशाला और अन्य संरचनाओं पर कार्रवाई मेले के बाद करने की बात रखी गई थी।
समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद गौशाला को तोड़ दिया गया, जिससे वहां रहने वाली गायों के सामने संकट पैदा हो गया। वहीं, 29 अक्टूबर को प्रस्तावित बैठक से पहले 28 अक्टूबर की रात सत्संग भवन को भी तोड़ दिया गया। समिति ने इन कार्रवाइयों की निंदा की।
29 अक्टूबर को दैनिक समाचार पत्र में मेला परिसर और पार्किंग की डाक बंदोबस्ती का विज्ञापन प्रकाशित होने के बाद समिति का विरोध और तेज हो गया। सदस्यों ने रामरेखा धाम को भगवान श्रीराम से जुड़ा ऐतिहासिक और धार्मिक तीर्थस्थल बताते हुए कहा कि यहां की धार्मिक परंपराओं और स्थानीय आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए। समिति ने भूमि से जुड़े दस्तावेजों का हवाला देते हुए डाक बंदोबस्ती की प्रक्रिया पर भी आपत्ति जताई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि मेले और पार्किंग की डाक बंदोबस्ती की जाती है, तो इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर मेला नहीं लगाया जाएगा। समिति ने शुक्रवार से जिलेभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। समिति के अनुसार, आंदोलन में अयोध्या और बनारस के साधु-संत भी शामिल हो सकते हैं। बैठक में रामरेखा धाम समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

विद्यालयों के विकास और बालिकाओं की समस्याओं पर मास्टर ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण
सिमडेगा: डायट सिमडेगा में विद्यालय प्रबंधन समिति के जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का दो दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में विद्यालयों…

धनबाद थाना के वार्षिक निरीक्षण में सिटी एसपी सख्त, लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता, वारंटों के त्वरित तामिला और गश्ती व्यवस्था मजबूत करने पर जोर धनबाद। जिले में अपराध नियंत्रण…
















