इंद्रदेव की पूजा-अर्चना के साथ कोरोमियां बलसेरा में सजा पारंपरिक इंद मेला, नागपुरी गीतों पर झूमे ग्रामीण

सिमडेगा: ठेठईटांगर प्रखंड के कोरोमियां बलसेरा गांव में शनिवार की रात पारंपरिक इंद मेला धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने इंद्रदेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर अच्छी बारिश, बेहतर फसल और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद आयोजित नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में गीत-संगीत की प्रस्तुतियों पर ग्रामीण देर रात तक झूमते रहे।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी सह सब्जी व्यापारी भरत प्रसाद, मुखिया रेणुका सोरेंग, पत्रकार अमन मिश्रा और कुश बड़ाइक उर्फ छोटू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व अतिथियों का बैज पहनाकर और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जगदीश बड़ाइक की भक्ति वंदना से हुई।
मौके पर भरत प्रसाद ने कहा कि इंद्रदेव की पूजा खेती-किसानी, प्रकृति और आस्था से जुड़ी हमारी पारंपरिक संस्कृति का हिस्सा है। किसान दिन-रात मेहनत कर देश का पेट भरते हैं। उन्होंने किसानों के खेतों में अच्छी फसल और प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि नागपुरी भाषा, पारंपरिक गीत, मांदर की थाप और लोकनृत्य हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को महत्व देने, नशे से दूर रहने और गांव के विकास में योगदान देने की अपील की। साथ ही आयोजन में सहयोग के लिए ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।

मुखिया रेणुका सोरेंग ने लोगों से एकजुट रहने, पारंपरिक आयोजनों को मिलकर आगे बढ़ाने और क्षेत्र में सामाजिक बुराइयों को पनपने नहीं देने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन अशोक बड़ाईक और भरत सिंह ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में इंद्रदेव पूजा समिति के अध्यक्ष हराचन्द सिंह, उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह, सचिव बसंत बड़ाईक, उप सचिव मदन सिंह, कोषाध्यक्ष दिनेश इंदवार, संरक्षक अशोक कुमार बड़ाईक, सह संरक्षक महेंद्र बड़ाईक, मीडिया प्रभारी भरत सिंह और वॉलेंटियर कमांडर भोला शंकर दास सहित विभुतिनाथ बड़ाईक, खीरू सिंह, किशोर इंदवार, नवरत्न सिंह, अंशु इंदवार, सुखदेव बड़ाईक और जगेश्वर सिंह का योगदान रहा। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

बाबा कार्तिक उरांव की जयंती पर उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का लिया संकल्प
रांची: जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले बाबा कार्तिक उरांव की जयंती एक नवंबर को…

गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप पर भाजपा का प्रदर्शन, पुलिस ने छीना सीएम का पुतला
निर्मल सिंह गुमला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में घरेलू हिंसा की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला के साथ दुष्कर्म किए…

















