simdega-police-reaching-village-village-making

गांव-गांव पहुंच रही सिमडेगा पुलिस, ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान से लोगों को कर रही जागरूक

Share
Link copied
simdega-police-reaching-village-village-making
simdega-police-reaching-village-village-making

सिमडेगा: अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर सिमडेगा पुलिस द्वारा ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में संचालित इस अभियान के तहत पुलिस गांव-गांव पहुंचकर लोगों को विभिन्न सामाजिक और कानूनी मुद्दों के प्रति जागरूक कर रही है।

अभियान के तहत ग्राम सभाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी सेविकाओं व सहायिकाओं की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें मानव तस्करी, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सड़क सुरक्षा, सर्पदंश से बचाव, महिला उत्पीड़न, बाल संरक्षण और डायन प्रथा जैसी गंभीर समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

डायन प्रथा के खिलाफ विशेष रूप से ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि किसी महिला या व्यक्ति को डायन बताकर प्रताड़ित करना, सामाजिक बहिष्कार करना या हिंसा करना कानूनन अपराध है। पुलिस ने लोगों से अंधविश्वास और अफवाहों से दूर रहने तथा ऐसी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

वहीं, स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को नशापान के दुष्परिणामों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। थाना स्तर पर युवाओं की समितियां भी गठित की जा रही हैं, ताकि वे नशा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

गांव-गांव पहुंच रही सिमडेगा पुलिस, ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान से लोगों को कर रही जागरूक

अभियान के दौरान लोगों को आपात स्थिति में डायल-112 के माध्यम से पुलिस सहायता लेने की जानकारी दी जा रही है। साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) का उपयोग करने के बारे में भी बताया जा रहा है।

पुलिस पदाधिकारी और जवान ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती, निगरानी और जनसंवाद के जरिए पुलिस तथा आम जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से मानव तस्करी, महिला एवं बाल उत्पीड़न, साइबर अपराध, सड़क दुर्घटना, डायन प्रथा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आम जनता की सहभागिता से ही सुरक्षित, जागरूक और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है।

गांव-गांव पहुंच रही सिमडेगा पुलिस, ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान से लोगों को कर रही जागरूक

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
– पुलिस नियंत्रण कक्ष, सिमडेगा : 9262998531
– पुलिस हेल्पलाइन : 06525-299908, 06525-299987
– मानव तस्करी संबंधी सूचना एवं शिकायत : 1800-3456-256
– साइबर ठगी : 1930
– आपातकालीन सहायता : 112

सिमडेगा पुलिस के अनुसार, जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।