exclusive-omr-game-14th-jpsc-pt

Exclusive: 14वीं JPSC PT में OMR का खेल! सुमन सौरभ के 48 जवाब डिजिटल रिकॉर्ड में 99, रक्षक सिंह के 31 से बढ़कर मिले 147 उत्तर

Share
Link copied

CID की चार्जशीट में बड़ा खुलासा: मूल OMR, कार्बन कॉपी और AWS क्लाउड डेटा के मिलान में सामने आया भारी अंतर; CCTV फुटेज से भी तीन अभ्यर्थियों के मामले की जांच

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) में कथित धांधली को लेकर CID की चार्जशीट में एक बेहद महत्वपूर्ण खुलासा किया गया है। जांच में दो अभ्यर्थियों की OMR शीट और डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज उत्तरों की संख्या में भारी अंतर मिलने का उल्लेख है। CID ने अपनी जांच में परीक्षा एजेंसी TDPL के AWS क्लाउड डेटा (AWS Cloud Data), जब्त सर्वर हार्ड डिस्क (Server Hard Disk) और मोबाइल फोन से प्राप्त OMR की कार्बन प्रतियों का मिलान किया था। चार्जशीट के अनुसार, सुमन सौरभ की OMR शीट में 48 उत्तरों के स्थान पर डिजिटल रिकॉर्ड में 99 उत्तर पाए गए। इसी तरह रक्षक सिंह की OMR शीट में 31 उत्तरों के स्थान पर 147 उत्तर दर्ज मिले। इस तरह पहले मामले में 51 और दूसरे मामले में 116 उत्तरों का अंतर सामने आया। CID ने इन दोनों मामलों को अपनी जांच के महत्वपूर्ण साक्ष्यों के रूप में दर्ज किया है।

Exclusive: 14वीं JPSC PT में OMR का खेल! सुमन सौरभ के 48 जवाब डिजिटल रिकॉर्ड में 99, रक्षक सिंह के 31 से बढ़कर मिले 147 उत्तर

CCTV फुटेज से भी तीन अभ्यर्थियों के मामलों की जांच

CID ने केवल डिजिटल रिकॉर्ड पर भरोसा नहीं किया, बल्कि परीक्षा केंद्रों के CCTV फुटेज (CCTV Footage) का भी मिलान किया। चार्जशीट में अरविन्द कुमार, ओम प्रकाश राणा और वंदना कुमारी के नाम का उल्लेख है। जांच के मुताबिक, इन अभ्यर्थियों द्वारा OMR नहीं भरने या कम उत्तर भरने के बावजूद डिजिटल रिकॉर्ड में अधिक उत्तर अंकित पाए गए। जाहिर है CCTV फुटेज से परीक्षा हॉल में अभ्यर्थियों द्वारा OMR पर वास्तव में भरे गए उत्तरों की स्थिति की तुलना डिजिटल रिकॉर्ड से की गयी जिससे मामला साफ हो गया।

Exclusive: 14वीं JPSC PT में OMR का खेल! सुमन सौरभ के 48 जवाब डिजिटल रिकॉर्ड में 99, रक्षक सिंह के 31 से बढ़कर मिले 147 उत्तर

सफल अभ्यर्थियों की OMR कार्बन कॉपी भी जुटाई गई

चार्जशीट में यह भी बताया गया है कि सफल अभ्यर्थियों से सार्वजनिक सूचना के माध्यम से OMR की कार्बन प्रतियां मंगाई गई थीं। इसके बाद उनके OTR मोबाइल नंबरों का आरोपितों के CDR (Call Detail Record) से मिलान किया गया। इस प्रक्रिया के जरिए CID ने अभ्यर्थियों, संबंधित व्यक्तियों और उनके बीच संपर्कों की कड़ियों की जांच की।

परीक्षा के बाद OMR में बदलाव का आरोप, चार्जशीट में बताया गया तरीका

चार्जशीट में CID ने कथित अपराध की कार्यप्रणाली (Modus Operandi) का भी विवरण दिया है। जांच के अनुसार, कथित नेटवर्क चार स्तरों पर काम करता था।

पहले स्तर पर परीक्षा एजेंसियों TDPL और BINSYS को आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष एवं प्रभारी परीक्षा नियंत्रक की मिलीभगत से बिना निविदा (Tender) के काम दिलाने का आरोप लगाया गया है।

दूसरे स्तर पर दलालों और एजेंटों के माध्यम से अभ्यर्थियों को जोड़ा जाता था। चार्जशीट में 14वीं JPSC PT के लिए प्रति अभ्यर्थी 10 लाख रुपये और अंतिम चयन के लिए 28 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये तक का कथित पैकेज तय होने का उल्लेख है।

तीसरे स्तर पर अभ्यर्थियों को निर्देश दिया जाता था कि OMR में केवल उन्हीं प्रश्नों के उत्तर भरें, जिनका जवाब उन्हें मालूम हो। बाकी OMR खाली छोड़ दें। इसके बाद OMR की कार्बन कॉपी दलालों के माध्यम से TDPL के निदेशकों तक पहुंचाने की बात दर्ज है।

चौथे स्तर पर परीक्षा के बाद एजेंसी की अभिरक्षा में रखी OMR शीट में कथित तौर पर खाली गोलों को भरकर स्कैन और अपलोड करने का आरोप है। CID के अनुसार, इस तरीके से कथित रूप से सेटिंग वाले अभ्यर्थियों को सफलता दिलाई जाती थी।

डिजिटल रिकॉर्ड में उत्तर कैसे बढ़े?

ऐसे में सवाल यह है की जब CID को OMR की कार्बन कॉपी और डिजिटल रिकॉर्ड में अलग-अलग उत्तर दर्ज मिले, तो इसका कारण क्या था? क्या परीक्षा के बाद OMR में बदलाव किया गया था? डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और उसे अपलोड करने की प्रक्रिया में किसकी भूमिका थी?

ABOUT THE AUTHOR
नवीन कुमार

नवीन कुमार

Editor In Chief

नवीन कुमार को पिछले 30 वर्षों से भी अधिक समय से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव रहा है...इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में बड़े पद पर कार्यरत रहे हैं...नक्सल, क्राइम, खेल, राजनीति,बिज्ञान एवं तकनीकी, पर्यावरण के साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर मजबूत पकड़ रही है। खाली समय में उन्हें नई जगहों पर घूमना और फोटोग्राफी करना पसंद है।