विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, पिता ने पति और सास पर लगाया हत्या का आरोप

गोड्डा: जिले के महागामा थाना क्षेत्र के मोहानी गांव में बुधवार शाम 28 वर्षीय विवाहिता प्रियंका कुमारी का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। प्रियंका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई है। मां की मौत से तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका प्रियंका कुमारी, सुनील साव की पत्नी थी। जानकारी के अनुसार, प्रियंका ने घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। घटना के समय उसका पति सुनील साव खेत में धान की कटाई कर रहा था, जबकि घर में बच्चे मौजूद थे। घटना से पहले घर में कपड़ा जलाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इधर, मृतका के पिता बिट्टू साव ने पति सुनील साव और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रियंका और उसके पति के बीच अक्सर विवाद होता था। मईया सम्मान योजना की राशि को लेकर भी दोनों के बीच अनबन थी। पिता के अनुसार, योजना की राशि से सुनील ने मोबाइल खरीदा था, जिसे लेकर बुधवार को भी विवाद हुआ था।

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि पति और सास ने प्रियंका के साथ मारपीट करने के बाद उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सुनील दूसरी शादी करना चाहता था, जिस कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि, हत्या से जुड़े इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही महागामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की गई। महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

गोवंशीय पशु तस्करी मामले में रांची से आरोपी गिरफ्तार, गोला पुलिस ने की कार्रवाई
रामगढ़: गोवंशीय पशुओं की तस्करी और उनके साथ क्रूरता के मामले में गोला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त कामरान अंसारी…

रांची सहित पूरे झारखंड में आज साफ और सुहावना मौसम, बारिश की कोई संभावना नहीं
रांची: झारखंड के मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे राज्य में साफ से आंशिक बादल छाए रहेंगे। रांची सहित ज्यादातर इलाकों में…

















