झारखंड स्थापना दिवस पर 24 जिलों में दौड़ी स्वच्छता की मुहिम, ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ से दिया स्वच्छ झारखंड का संदेश
रांची। झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार (15 नवंबर) को राज्यभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ (Run for Cleanliness) का आयोजन किया गया। रांची समेत राज्य के सभी 24 जिलों में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर झारखंड बनाने का संदेश दिया गया। रांची में दौड़ की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। यहां से प्रतिभागियों ने अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ लगाई। कार्यक्रम को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रांची विधायक सीपी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ और स्वस्थ झारखंड का सपना साकार किया जा सकता है।
चडरी तालाब छठ घाट पर मंत्रियों ने किया श्रमदान
दौड़ के साथ ही चडरी तालाब स्थित छठ घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान मंत्रियों एवं राज्यसभा सांसद ने स्वयं सफाई गतिविधियों में हिस्सा लेकर श्रमदान किया। उन्होंने लोगों से तालाबों, जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि तालाब और अन्य जलस्रोत हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं। इन्हें प्रदूषण से बचाना और स्वच्छ बनाए रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए लोगों को आगे आना चाहिए।
पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को किया गया सम्मानित
‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ में युवाओं और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दौड़ समाप्त होने के बाद पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरुष वर्ग के विजेता:
– प्रथम – कुंदन महतो
– द्वितीय – विवेकानंद
– तृतीय – विमल उरांव
महिला वर्ग की विजेता:
– प्रथम – पूजा सिंह
– द्वितीय – ममता कुमारी
– तृतीय – सावित्री कुमारी
स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प
झारखंड स्थापना दिवस पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ स्वच्छता का संदेश पहुंचाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना, नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना और जनभागीदारी के जरिए स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाना रहा। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने स्वच्छ झारखंड, स्वस्थ झारखंड और सुंदर झारखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

बिरसा जयंती पर बाबूलाल मरांडी ने दी धरती आबा को श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा में हुए शामिल
रांची। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा का आयोजन किया गया।…
बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने समाधि स्थल पर अर्पित किया पुष्पचक्र, बिरसा चौक पर किया माल्यार्पण
जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा का संघर्ष झारखंड के स्वाभिमान का प्रतीक : हेमंत सोरेन रांची। झारखंड राज्य स्थापना…


















