विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर, 2050 के झारखंड की तस्वीर बदलने की तैयारी कर रही सरकार: हेमंत सोरेन
26वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं राज्य की उपलब्धियां, व्यवस्था में बड़े बदलाव की जरूरत बताई; उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति की कार्यशैली की भी की सराहना
रांची। झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के विकास, लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और भविष्य के झारखंड की रूपरेखा पर अपनी बात रखी। रविवार को विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विधानसभा को लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर बताते हुए कहा कि यह संस्था जाति, धर्म, अमीरी-गरीबी और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर सभी को समान नजर से देखती है। यह इंसानियत और मानवता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा केवल कानून बनाने की जगह नहीं है, बल्कि राज्य को दिशा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का सबसे महत्वपूर्ण मंच है। इसकी ताकत का लोहा पूरी दुनिया मानती है।
निरल पूर्ति की कार्यशैली की मुख्यमंत्री ने की सराहना
स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वर्ष 2026 के बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित विधायक निरल पूर्ति की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस तक 22 विधायक उत्कृष्ट विधायक सम्मान से नवाजे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2001 में पहले उत्कृष्ट विधायक सम्मान प्राप्त करने वाले विश्वेश्वर खान और पिछले वर्ष सम्मानित राज सिन्हा का भी उल्लेख किया। निरल पूर्ति की कार्यशैली की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रचार-प्रसार और सोशल मीडिया के तामझाम से दूर रहकर अपने काम पर विश्वास करते हैं। उनकी पहचान अखबारों में छपने या सोशल मीडिया पर दिखाई देने से नहीं, बल्कि उनके काम से बनती है।
हर पांच साल में जनता के सामने देनी पड़ती है परीक्षा
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि राज्य की व्यवस्था को दिशा देना और विकास के पहियों को आगे बढ़ाना किसी एक व्यक्ति के बस की बात नहीं है। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों और राज्य के लोगों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को हर पांच साल में जनता के बीच जाकर अपनी परीक्षा देनी पड़ती है। जनता ही उनके काम का मूल्यांकन करती है। इसलिए सरकार और जनप्रतिनिधियों का प्रत्येक निर्णय जनमानस के हितों को ध्यान में रखकर होना चाहिए।
पहले मुख्यमंत्री के समय से आज तक बजट का आकार बदला
राज्य की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड ने पिछले 5-6 वर्षों में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कई कदम उठाए हैं। इन प्रयासों को देश के दूसरे राज्य भी उदाहरण के तौर पर देख रहे हैं। उन्होंने झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल के बजट और वर्तमान बजट के आकार के बीच आए अंतर का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य ने लंबा सफर तय किया है। हालांकि, केवल बजट का आकार बढ़ना ही पर्याप्त नहीं है। व्यवस्था में अभी भी कई सुधार और बदलाव की आवश्यकता है।मुख्यमंत्री के मुताबिक, बदलते समय और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली में जरूरी फेरबदल करना होगा, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
2050 में कैसा होगा झारखंड, इसके लिए बन रही लंबी कार्ययोजना
मुख्यमंत्री के संबोधन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा वर्ष 2050 के झारखंड के विजन पर केंद्रित रहा। उन्होंने कहा कि सरकार केवल वर्तमान की समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखकर भी काम कर रही है।उन्होंने बताया कि वर्ष 2050 में झारखंड का स्वरूप कैसा होगा, इस दिशा में लंबी कार्ययोजना और नीति-निर्धारण पर काम किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य के लिए आंदोलनकारियों ने जो सपने देखे थे, उन्हें पूरा करना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि विकास की योजनाओं और व्यवस्था का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
अगले साल बड़े स्तर पर स्थापना दिवस मनाने का प्रयास
स्थापना दिवस समारोह के आयोजन पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्तताओं और परिस्थितियों के कारण इस बार स्थापना दिवस का आयोजन बहुत बड़े स्तर पर नहीं किया जा सका।
हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि अगले वर्ष इस कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही राज्य को विकास की नई दिशा देने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को और मजबूत बनाने की जरूरत पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पक्ष और विपक्ष के मुख्य सचेतकों, मंत्रियों, सांसदों, वर्तमान एवं पूर्व विधायकों तथा विधानसभा के पदाधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘जोहार’ कहा।

रांची में नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप, अशोक नगर में ‘बेस्ट जॉब’ कार्यालय पर उठे सवाल; फर्जी ऑफर लेटर से युवाओं को बनाया जा रहा था निशाना
राइडर सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर फर्जी लेटरपैड और मुहर के इस्तेमाल का आरोप, कंपनी ने पुलिस से की लिखित…

पंत के तूफानी शतक से भारत ने न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेला, चौथे दिन का खेल खत्म होने तक कीवी टीम 119/2
भारत का ऐतिहासिक 720/9 का स्कोर, न्यूजीलैंड पर 352 रनों की पहली पारी की बढ़त; आखिरी दिन टीम इंडिया को जीत के…

दुबई में छिपे प्रिंस खान गैंग पर अंतरराष्ट्रीय शिकंजा, भाई गोपी और साले ऋतिक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस
नन्हें हत्याकांड के बाद धनबाद से फरार होकर विदेश पहुंचे दोनों आरोपी, पुलिस ने जारी कराया लुकआउट सर्कुलर; गोपी पर 40 से…



















