पत्रकार अभिषेक भारती को हिरासत में यातना देने का आरोप, बाबूलाल मरांडी ने हाईकोर्ट से की स्वतः संज्ञान लेने की मांग

रांची: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा में पत्रकार अभिषेक भारती को पुलिस हिरासत में कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के मामले में गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मरांडी के अनुसार, अभिषेक भारती ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को उजागर किया था। आरोप है कि पाकरटांड़ थाना पुलिस ने अभिषेक पर अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाया और इसके लिए 26 नवंबर की रात से 27 नवंबर की दोपहर तक उनके साथ मारपीट की। उनके तलवों पर लाठियां बरसाने और उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर हाथों पर प्रहार करने की भी जानकारी सामने आने का दावा किया गया है।
मरांडी ने कहा कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक की हालत मारपीट के दौरान बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। न्यायालय में पेशी के दौरान भी उनके बेहोश होकर गिरने की बात सामने आई है। आरोप है कि अदालत से अस्पताल ले जाने का निर्देश मिलने के बावजूद पुलिस उन्हें पहले टाउन थाना ले गई और बाद में सदर अस्पताल पहुंचाया। मरांडी ने अभिषेक को तत्काल समुचित इलाज उपलब्ध कराने और पुलिस दबाव से मुक्त होकर न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराने की मांग की है।
उन्होंने न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाना ले जाने और उनके मोबाइल से वीडियो डिलीट करने के आरोपों की भी जांच कराने की मांग की। मरांडी के मुताबिक, तीनों पत्रकारों को करीब चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया था।

नेता प्रतिपक्ष ने सिमडेगा एसपी से सवाल किया है कि हिरासत में लेते समय और अदालत में पेश करते समय अभिषेक की शारीरिक स्थिति क्या थी? उन्हें अस्पताल कब और किस परिस्थिति में पहुंचाया गया? उन्होंने इन सवालों के जवाब स्टेशन डायरी, थानों के सीसीटीवी फुटेज, न्यायालय के दस्तावेज और अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर सार्वजनिक करने की मांग की है।
मरांडी ने पाकरटांड़ और टाउन थाना के सीसीटीवी फुटेज, हिरासत एवं पेशी से जुड़े दस्तावेज तथा सदर अस्पताल के चिकित्सा अभिलेख तत्काल सुरक्षित रखने की मांग की है। साथ ही स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से अभिषेक की जांच कराने और आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में उनका बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि मामले की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए और जांच में जिनकी भूमिका सामने आए, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, मरांडी ने स्पष्ट किया कि उन्हें मिली जानकारी और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है।

गिरिडीह में रहस्यमयी बीमारी! एक साथ 8 लोग हंसे, रोए और हुए बेहोश, ‘शेयर्ड साइकोसिस’ की आशंका
गिरिडीह/धनबाद: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही इलाके के अलग-अलग परिवारों के…

जैक ने मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 के फॉर्म भरने की तारीख बढ़ाई, अब 14 दिसंबर तक मिलेगा मौका
रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है।…
















