दोमुहानी धाम मंदिर से चांदी का हार चोरी करने वाला सन्यासी गिरफ्तार, दो महिलाओं को सौंपा था आभूषण

दोमुहानी धाम मंदिर से चांदी का हार चोरी करने वाला सन्यासी गिरफ्तार, दो महिलाओं को सौंपा था आभूषण

Share
Link copied

कोडरमा : चंदवारा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध दोमुहानी धाम मंदिर से दुर्गा माता की प्रतिमा पर चढ़ाया गया लगभग 500 ग्राम वजनी चांदी का सिकड़ी/हार चोरी के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने एक सन्यासी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो महिलाओं की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक कोडरमा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान संदिग्ध सन्यासी कन्हैया लाल सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह 2013 से संन्यासी जीवन जी रहा है और विभिन्न मंदिरों में ठहरकर जीवन यापन करता है।

जांच में खुलासा हुआ कि करीब तीन वर्ष पहले गिरिडीह जिले के पचंबा में एक पूजा-पाठ के दौरान उसकी मुलाकात उषा कुमारी और उसकी बहन निलम कुमारी से हुई थी। दोनों से मोबाइल पर लगातार संपर्क था। पैसों की जरूरत पड़ने पर वे मंदिरों में चोरी की साजिश रचते थे। महाशिवरात्रि के अवसर पर कोडरमा में मिलने की योजना बनी।

13 फरवरी 2026 को आरोपी कोडरमा पहुंचा और दोमुहानी धाम मंदिर की धर्मशाला में ठहर गया। 17 फरवरी को सुबह करीब 10:30 बजे उसने मंदिर के द्वार का ताला तोड़ा, कटर आदि औजारों से दुर्गा माता की प्रतिमा से चांदी का हार उतारा और बैग में छिपा लिया। बाद में उसने हार को लखीबागी (रांची-पटना मुख्य मार्ग) पर उषा और निलम को सौंप दिया। बदले में उसे 22,000 रुपये नकद मिले, शेष राशि आभूषण बेचने के बाद देने का वादा किया गया।

आरोपी के पास से एक सैमसंग स्क्रीन टच मोबाइल, लोहे का 19 सेमी लंबा छड़, लोहे का पिलास, पेचकस, तार काटने वाला पिलास, लाल रंग की हीरो होंडा सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल और 22,018 रुपये नकद बरामद किए गए।

इस मामले में चंदवारा थाना कांड संख्या 14/2026, दिनांक 17.02.2026 के अंतर्गत धारा 303(2) BNS दर्ज है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर अन्य साक्ष्य जुटा रही है और शेष आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow