सिमडेगा में मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना एवं सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के मार्ग निर्धारण तथा जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करना तथा जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना रहा। झारखंड की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना दूरदराज के ग्रामीण इलाकों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से जोड़ने का माध्यम है।
बैठक में योजना के तहत जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों से जुड़े दूरस्थ राजस्व ग्रामों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जिला परिवहन कार्यालय द्वारा अनुशंसित कई मार्गों के प्रस्ताव समिति के समक्ष रखे गए, जिन पर आवश्यक निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि चयनित मार्गों का भौतिक सत्यापन संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी गंभीरता से करें, ताकि योजना का लाभ वास्तविक रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार एवं प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाएगी।
इसके बाद जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा की गई। दिसंबर माह में जिले में अब तक 08 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि जनवरी से दिसंबर 2025 तक हिट एंड रन के कुल 28 मामले सामने आए, जिनमें 12 मामलों में मुआवजा भुगतान हो चुका है, 6 मामलों को जीआईसी काउंसिल मुंबई भेजा गया है तथा शेष की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं थाना, अस्पताल व पीड़ित परिवारों से दस्तावेज प्राप्ति में समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
वाहन जांच अभियान की समीक्षा में दिसंबर 2025 में 1122 वाहनों की जांच की गई, जिसमें बिना हेलमेट के 428, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 154, टेम्पो के 216 तथा अन्य व्यावसायिक वाहनों के 324 मामले पाए गए। इस दौरान कुल 15,58,147 रुपये की दंड राशि वसूल की गई। उपायुक्त ने सड़क नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रखने एवं जन जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिले के चौक-चौराहों एवं नगर परिषद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा की गई तथा खराब कैमरों की शीघ्र मरम्मत एवं नए स्थानों पर कैमरे लगाने के लिए समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। महावीर चौक से किलाघाट मोड़ तक पुराने विद्युत पोल हटाने तथा ठेठईटांगर प्रखंड के जापानी स्कूल के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए डंबल स्टिक एवं अन्य उपाय करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी, वन प्रमंडल पदाधिकारी शशांक शेखर सिंह, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय बखला, कोलेबिरा विधायक प्रतिनिधि मो. समी आलम सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी विभागों से आपसी समन्वय कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

















