चुनाव मैदान छोड़ प्रेमी का थामा हाथ ! आदित्यपुर वार्ड 9 की महिला उम्मीदवार बेटी के साथ लापता, पति ने लगाया अपहरण का आरोप
जमशेदपुर/आदित्यपुर : झारखंड में चल रहे नगर निकाय चुनाव के बीच सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर से एक चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है। वार्ड नंबर 9 से पार्षद पद की प्रत्याशी राखी मार्डी कथित तौर पर अपनी छोटी बेटी को साथ लेकर अपने कथित प्रेमी प्रेमचंद मार्डी के साथ फरार हो गई हैं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और चुनावी माहौल पर गहरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
राखी मार्डी ने हाल ही में वार्ड 9 से नामांकन दाखिल किया था और जोर-शोर से प्रचार में जुटी हुई थीं। क्षेत्र में जनसंपर्क और घर-घर जाकर वोट मांग रही थीं। लेकिन अचानक वह अपनी बेटी के साथ गायब हो गईं। उनके पति राकेश मार्डी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रेमचंद मार्डी ने उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा लिया है।
राकेश मार्डी ने परिवार के साथ जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वे संबंधित थाने में प्रेमचंद मार्डी के खिलाफ अपहरण की FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया में हैं। परिवार का कहना है कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण समय में यह घटना उन्हें मानसिक रूप से तोड़कर रख दी है।
वार्ड 9 के मतदाताओं में भी इस खबर से गहरा आक्रोश और निराशा फैल गई है। कई लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना से क्षेत्र की छवि खराब हुई है और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मामले की जांच शुरू होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है। क्या यह वाकई प्रेम प्रसंग है या कोई राजनीतिक साजिश? यह सवाल अभी अनुत्तरित है।


















