पंचायत चुनाव से पहले ‘गांव की सरकार’ याद आई: आदित्य साहू का हेमंत सरकार पर हमला

पंचायत चुनाव से पहले ‘गांव की सरकार’ याद आई: आदित्य साहू का हेमंत सरकार पर हमला

Share
Link copied

रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार पर पंचायत चुनाव से पहले “सियासी दिखावा” करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आहट हुई, सरकार को “गांव की सरकार” की याद आ गई।

आदित्य साहू ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार ने पंचायतों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। अब जब केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के 4342 पंचायतों को ₹2254 करोड़ की राशि भेजी गई है, तो राज्य सरकार इसका श्रेय लेने में जुटी है। उनके मुताबिक, प्रति पंचायत करीब ₹52 लाख की यह राशि ग्रामीण विकास के लिए दी गई है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री गांवों के विकास की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जनता यह नहीं भूली है कि पिछली बार पंचायत चुनाव को कैसे टाला गया था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अब केंद्र की योजनाओं को अपना बताकर “झूठी वाहवाही” बटोरने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर केंद्र सरकार पहल नहीं करती, तो इतनी बड़ी राशि राज्य को नहीं मिल पाती।

आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर फंड के उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) समय पर जमा नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “जो सरकार खर्च का हिसाब नहीं दे पाती, वह अब लंबी-चौड़ी बातें कर रही है।”

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों—मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस राशि के उपयोग पर कड़ी निगरानी रखें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कहीं भी भ्रष्टाचार या बंदरबांट की कोशिश हुई, तो भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव में इसका विरोध करेंगे।

साहू ने कहा कि यह राशि गरीब, वंचित, मजदूर और ग्रामीण जनता के कल्याण के लिए है और इसका सही उपयोग सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।