‘पंछी को दाना – पंछी को पानी’ अभियान का पहला चरण सम्पन्न, बच्चों को किया गया जागरूक
रांची : भीषण गर्मी के बीच पक्षियों के संरक्षण और उनके जीवन को बचाने के उद्देश्य से श्री सर्वेश्वरी समूह रांची शाखा द्वारा “पंछी को दाना – पंछी को पानी” जनजागरूकता अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को अघोर पथ स्थित औघड़ भगवान राम आश्रम के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस अभियान का आयोजन प्रोग्रेसिव पब्लिक स्कूल ऑफ लर्निंग, साई विहार कॉलोनी (न्यू मधुकम, रोड नंबर 5) में किया गया, जहां कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों को पर्यावरण और पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच लगभग 225 सकोरा (मिट्टी के बर्तन) और दाना के पैकेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को यह समझाना था कि गर्मी के इस कठिन समय में पक्षियों को पानी और भोजन की अत्यधिक आवश्यकता होती है। आयोजकों ने छात्रों से अपील की कि वे अपने घरों की छत और आंगन में सकोरे में पानी भरकर रखें और दाना डालें, ताकि प्यास और भूख से जूझ रहे पक्षियों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जहां एक ओर मनुष्य अपने आराम के लिए तमाम संसाधन जुटा लेता है, वहीं पक्षी इस भीषण गर्मी में असहाय हो जाते हैं। लगातार पेड़ों की कटाई और बढ़ते प्रदूषण ने उनके प्राकृतिक आवास को नष्ट कर दिया है, जिससे उनकी संख्या में गिरावट आई है।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले घर-आंगन में पक्षियों की चहचहाहट आम थी, लेकिन अब यह दृश्य दुर्लभ होता जा रहा है। बुजुर्गों के अनुसार, पक्षियों की उपस्थिति घर में सकारात्मक ऊर्जा और खुशहाली लाती है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्कूल के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार पाठक का विशेष सहयोग रहा। वहीं समूह की ओर से बद्रीनाथ शाहदेव, गिरेन्द्र नाथ शाहदेव, अनिल कुमार ठाकुर, नागदमनी नाथ शाहदेव, नितिन चौरसिया और यदुनाथ शाहदेव सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।
आयोजकों ने इसे एक जनभागीदारी अभियान बताते हुए कहा कि यदि समाज के लोग मिलकर छोटे-छोटे प्रयास करें, तो पक्षियों को विलुप्त होने से बचाया जा सकता है।

















