मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह-सह-मुखिया सम्मेलन 2026: गांवों के विकास से ही राज्य की प्रगति – हेमन्त सोरेन
रांची : हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य का समग्र विकास गांवों की मजबूती पर निर्भर करता है। वे हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह-सह-मुखिया सम्मेलन 2026 को संबोधित कर रहे थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों की उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, ग्राम सभा, पंचायत समिति और जिला परिषद को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल अच्छे कार्यों को पहचान देती है, बल्कि अन्य पंचायतों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है।
गांवों से ही मजबूत होगा राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे ग्रामीणों के सबसे करीब होते हैं, इसलिए उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही लक्ष्य है और इसके लिए पंचायत स्तर पर लगातार कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
जल संकट से निपटने की तैयारी पर जोर
गर्मी के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि पुराने तालाबों की सफाई और गहरीकरण कराया जाए तथा चापाकलों के पास सोक पिट बनाए जाएं, ताकि भूजल स्तर बना रहे और जल संकट से राहत मिल सके।
खेतों में सोलर प्लांट से बढ़ेगी आय
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खाली जमीन का उपयोग बिजली उत्पादन में किया जा सकता है, जिसे सरकार खरीदेगी, जिससे ग्रामीणों की आय बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बनेंगे।
पंचायत स्तर पर मिलेगी आधार सेवाएं
कार्यक्रम में UIDAI के साथ एमओयू के तहत ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई। इससे ग्रामीणों को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से अपने गांव में ही सुविधाएं मिल सकेंगी।
जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी निभाने की अपील
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें। उन्होंने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है। इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की समेत कई विधायक, अधिकारी और बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

















