सिमडेगा में अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान, बस स्टैंड से महावीर चौक तक हटाए गए अवैध कब्जे

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: शहर को जाम मुक्त, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त सिमडेगा के निर्देश पर सदर अंचल अधिकारी (सीओ) इम्तियाज अहमद के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने रविवार को शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने बस स्टैंड, महावीर चौक और झुलन सिंह चौक के आसपास सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से कब्जा कर दुकान अथवा व्यवसाय संचालित करने वाले लोगों के सामान भी जब्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों को मौके पर ही चेतावनी दी गई। जब्त सामान को निर्धारित जुर्माना जमा करने के बाद संबंधित दुकानदारों को वापस कर दिया गया। नगर परिषद की टीम ने व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण कर दुकान नहीं लगाएं।

प्रशासन के अनुसार, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण हटाओ अभियान का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के साथ लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।


नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने व्यवसायियों से निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की है।






















