Auto carrying family to Rath Mela collides with lorry; five injured.

रथ मेला जा रहे परिवार का ऑटो लॉरी से टकराया, पांच घायल; मासूम की हालत गंभीर

Auto carrying family to Rath Mela collides with lorry; five injured.

सरायकेला : बलरामपुर टाटा-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-18) पर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रथ मेला देखने जा रहे झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह गांव के एक परिवार का ऑटो तेज रफ्तार लॉरी से टकरा गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

RKDF
Adv

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच परिवार के सदस्य ऑटो से बलरामपुर रथ मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान बलरामपुर के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार लॉरी ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य चार घायलों का उपचार जारी है।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर एनएच-18 पर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बलरामपुर क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच-18 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now

Drishti Now

वरिष्ठ संवाददाता

झारखंड की राजनीति, प्रशासन और स्थानीय खबरों पर लंबे समय से रिपोर्टिंग कर रहे हैं।