आकाशीय बिजली गिरने से पिता-पुत्र की मौत, पीड़ित परिवार से मिले पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता

पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत पुरुषोत्तमपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तमपुर निवासी बालमुकुंद यादव अपने पुत्र दिलीप यादव के साथ मंगलवार को तेतराई बाजार से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच हुए वज्रपात की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
विधायक डॉ. मेहता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
















