झारखंड में तीन दिन मौसम रहेगा खराब, 11 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट; 24 सितंबर को 5 जिलों में ज्यादा खतरा
रांची। झारखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 से 25 सितंबर के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

23 सितंबर: 11 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी
23 सितंबर को रांची समेत राज्य के 11 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन जिलों में तेज हवा के साथ गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश हो सकती है।
प्रभावित जिलों में रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

24 सितंबर: 5 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना
24 सितंबर को मौसम का असर और बढ़ सकता है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इन इलाकों में बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता की जरूरत है।
खासकर दक्षिणी झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग के पूर्वानुमान में सामने आई है।

25 सितंबर: पलामू प्रमंडल में बारिश का असर
25 सितंबर को मौसम का प्रभाव राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश के साथ गरज और वज्रपात की संभावना है।
इसके अलावा राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

26 सितंबर तक भी बनी रहेगी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को भी झारखंड के कई हिस्सों में गरज, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर संरचनाओं के पास जाने से बचने की सलाह दी जाती है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।
रांची समेत पूरे झारखंड में आज बादल छाए रहेंगे, कई जगह बारिश-गरज का अलर्ट


















