हरमू रोड पर छात्रों से भरा ऑटो पलटा, कई बच्चे घायल, सभी की हालत सामान्य

रांची: राजधानी रांची के हरमू रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह छात्रों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में 10 से अधिक छात्र सवार थे, जो स्कूल जा रहे थे। दुर्घटना में कई छात्र घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो पलटते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने ऑटो में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई।
घटना के बाद छात्रों के पहचान पत्र के आधार पर उनके अभिभावकों को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही अभिभावक घटनास्थल पर पहुंचे और घायल बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। मिली जानकारी के अनुसार हादसे में कुछ बच्चों के सिर में चोट लगी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया गया।
फिलहाल सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने स्कूली बच्चों को ढोने वाले वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
















