झारखंड में 2 नवंबर से भाजपा की पदयात्रा, छह जिलों में पहले चरण के कार्यक्रम, रांची से होगी अभियान की शुरुआत

रांची: भाजपा झारखंड में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 2 नवंबर से पदयात्रा शुरू करेगी। पहले चरण में छह जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत 2 नवंबर को रांची से होगी। इसके बाद 3 नवंबर को गिरिडीह और हजारीबाग, 4 नवंबर को पलामू तथा 5 नवंबर को जमशेदपुर और दुमका में पदयात्रा निकाली जाएगी। छठ महापर्व के बाद शेष जिलों में भी अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में प्रत्येक जिले से हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे। कार्यक्रमों के संचालन के लिए जिलावार प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। रांची में मनोज सिंह, गिरिडीह में अमर कुमार बाउरी और हजारीबाग में पूर्व विधायक बिरंची नारायण को प्रभारी बनाया गया है। वहीं, पलामू में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, जमशेदपुर में विधायक राज सिन्हा और दुमका में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे।

मनोज सिंह ने कहा कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रही है। भाजपा इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस की इस राजनीति को जनता के सामने रखेगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर के जरिए मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। मृत, स्थानांतरित, दोहरे और अपात्र मतदाताओं के नामों की जांच कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना निष्पक्ष चुनाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की बात कर रही है, लेकिन आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का इतिहास देश भूला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
मनोज सिंह ने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, सुशासन और विकास कार्यों को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

रायडीह में पर्यावरण यात्रा के 13वें दिन घरेलू वायु प्रदूषण के प्रति किया जागरूक
निर्मल सिंह गुमला: अखंड भारत पर्यावरण यात्रा के 13वें दिन शुक्रवार को गुमला जिले के रायडीह प्रखंड के नवागढ़, पत्राटोली गांव और…

लोहरदगा: थार में सवार होकर निकले थे नशे के सौदागर, कुडू में पुलिस ने बिछाया जाल; 98.25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 8 गिरफ्तार
निर्माणाधीन मकान बना था नशे के कारोबार का ठिकाना, रांची के छह और लातेहार के दो युवक गिरफ्तार; तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा…

















