महिला मोर्चा पर कथित पथराव के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका

जमशेदपुर: भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कथित पथराव की घटना के विरोध में मंगलवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। साकची स्थित जुबिली पार्क गोलचक्कर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का पुतला दहन कर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व जमशेदपुर पश्चिम की विधायक पूर्णिमा साहू ने किया। मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिंह समेत पार्टी के कई नेता और महिला कार्यकर्ता मौजूद थे।

विधायक पूर्णिमा साहू ने आरोप लगाया कि जेएनयू में कथित यौन उत्पीड़न की घटना को लेकर न्याय की मांग करते हुए भाजपा महिला मोर्चा सोमवार को बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय तिलक पुस्तकालय के सामने प्रदर्शन कर रहा था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारी महिलाओं के बीच गुलाब के फूल और जलेबी बांटना शुरू कर दिया। उन्होंने इसे गंभीर मुद्दे के प्रति असंवेदनशील रवैया बताया।

पूर्णिमा साहू के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब इसका विरोध किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर पथराव किया, जिसमें भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्होंने दावा किया कि पथराव के दौरान उन्हें भी निशाना बनाया गया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि महिला मोर्चा के प्रदर्शन को दबाने के उद्देश्य से पत्थरबाजी की गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन के दौरान इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, इस मामले में कांग्रेस का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका। पुतला दहन कार्यक्रम में नीलू मछुआ, धर्मेंद्र प्रसाद, मंजू सिंह, खेमलाल चौधरी, प्रमोद, मुन्ना सिंह, पप्पू उपाध्याय, अभिषेक, अमन सिन्हा, अमरप्रीत सिंह काले, ममता भूमिज, संगीता देवी, कुसुमपुर पूर्ति और सीमा दास समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

चाईबासा में ट्रेलर और कार की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत; दो गंभीर, 9 माह का बच्चा सुरक्षित
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो…

आदित्यपुर में किराए के मकान में घुसा संदिग्ध, महिला की नींद खुलते ही छत से भागा
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के माझी टोला स्थित संजय नगर में मंगलवार की सुबह एक किराए के मकान में…
















