ways-cope-stress-taught-90-policemen

चाईबासा में 90 पुलिसकर्मियों को सिखाए गए तनाव से निपटने के तरीके, मानसिक स्वास्थ्य पर दिया जोर

Share
Link copied

पुलिस की व्यस्त दिनचर्या और कार्य के दबाव के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

चाईबासा। पुलिस की नौकरी में लगातार बढ़ती जिम्मेदारियों, कार्य के दबाव और पारिवारिक दायित्वों के बीच मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस केंद्र, चाईबासा के सभागार में तनाव प्रबंधन को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 90 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को तनाव के कारणों की पहचान करने, मानसिक दबाव कम करने और सकारात्मक सोच के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के तरीके बताए गए।

Advertisment
Advertisment

कार्यक्रम में चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जय राजू, सार्जेंट मेजर मंसू गोप, यातायात प्रभारी संतोष कुमार और उपस्कर प्रभारी प्रतीक कुमार सहित पुलिस एसोसिएशन एवं पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। एकजुट एनजीओ की ओर से पहुंचे प्रत्यूष कुमार ने तनाव प्रबंधन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को इन उपायों का अभ्यास भी कराया, ताकि पुलिसकर्मी उन्हें अपनी दिनचर्या में अपनाकर मानसिक दबाव को कम कर सकें।

Advertisment
Advertisment

ड्यूटी के दबाव के बीच परिवार की जिम्मेदारी भी चुनौती

कार्यक्रम के दौरान प्रत्यूष कुमार ने कहा कि पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान कई तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। घटनाओं और दुर्घटनाओं से निपटने के साथ सामाजिक गतिविधियों तथा पूजा-त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी पुलिस पर होती है। इन जिम्मेदारियों के बीच परिवार के लिए समय निकालना और निजी जीवन में संतुलन बनाए रखना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में तनाव के संकेतों को पहचानना और उससे निपटने के व्यावहारिक तरीके सीखना जरूरी है। तनाव प्रबंधन के उपायों को नियमित दिनचर्या में शामिल करने से पुलिसकर्मियों को मानसिक दबाव से निपटने में मदद मिल सकती है।

Advertisment
Advertisment

मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी : एसडीपीओ

एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने कार्यक्रम को पुलिसकर्मियों के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी में जिम्मेदारियां लगातार बनी रहती हैं। ऐसे में मानसिक रूप से स्वस्थ रहना और काम तथा निजी जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने इस पहल को पुलिसकर्मियों के हित में महत्वपूर्ण बताया। वहीं, यातायात प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पदाधिकारियों और जवानों ने हिस्सा लिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यक्रम में मिली जानकारी पुलिसकर्मियों को तनाव कम करने और अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने में मदद करेगी।
कार्यक्रम में सिपाही ताराचंद महतो ने भी मानसिक शांति और संतुलन के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रहने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।