चाईबासा में ट्रेलर और कार की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत; दो गंभीर, 9 माह का बच्चा सुरक्षित

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कुदापी डाउन के पास तेज रफ्तार ट्रेलर और कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार करीब नौ माह का बच्चा सुरक्षित बच गया। उसे मामूली खरोंचें आने की जानकारी मिली है।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार परिवार छत्तीसगढ़ की ओर से टाटानगर जा रहा था। इसी दौरान कुदापी डाउन के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। सुरक्षित बचे मासूम बच्चे को भी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।

नेमरा में मां रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म की रस्में निभा रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी दिवंगत माता स्व. रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के तहत मंगलवार को नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर…

आदित्यपुर में किराए के मकान में घुसा संदिग्ध, महिला की नींद खुलते ही छत से भागा
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के माझी टोला स्थित संजय नगर में मंगलवार की सुबह एक किराए के मकान में…
















