महुआ चुनने गई महिला का शव बरामद, जंगली जानवर के हमले की आशंका
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। टुटीकेल पंचायत के सोकोरला गुनाडाढ़ी जंगल से पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान सकोरला पुरनापानी निवासी कर्मी देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, कर्मी देवी शनिवार सुबह महुआ चुनने के लिए जंगल गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। इसके बाद चिंतित परिजन उनकी तलाश में जंगल पहुंचे। खोजबीन के दौरान कर्मी देवी महुआ के पेड़ के नीचे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का दावा है कि महिला की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई है। शव पर हमले के निशान भी पाए गए हैं।
पुलिस ने अभी तक मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

















