बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11.94 किलो गांजा और ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार

बोकारो : बोकारो पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.94 किलोग्राम गांजा, 10 पुड़िया ब्राउन शुगर और अन्य सामग्री के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, बोकारो को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सिजुआ तालाब के पास दो युवक मोटरसाइकिल के साथ गांजा और ब्राउन शुगर की पुड़िया बनाकर बेच रहे हैं। इस सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय, बोकारो के नेतृत्व में एक छापामारी दल गठित किया गया। दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिजुआ तालाब के पास छापा मारकर दो युवकों को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल पर टंगे प्लास्टिक के झोले से 1.54 किलोग्राम गांजा, 10 पुड़िया ब्राउन शुगर और 850 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में दोनों युवकों ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि वे बारी कॉपरेटिव कॉलोनी के अनिरुद्ध साव उर्फ हित से गांजा खरीदकर बारी-कॉपरेटिव, मखदुमपुर, सिवनडीह जैसे इलाकों में घूम-घूमकर बेचते हैं। इस जानकारी के आधार पर छापामारी दल ने अनिरुद्ध साव के बारी कॉपरेटिव स्थित आवास पर छापा मारा, जहां से 10.4 किलोग्राम गांजा, एक हुंडई वेन्यू कार (नंबर JH09BA-0801), 79,390 रुपये नकद, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन मोबाइल फोन, 450 ग्राम काला पॉलिथिन, 1.2 किलोग्राम छोटा प्लास्टिक रैपर और अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। इस नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। बोकारो पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।



















