चतरा पुलिस ने हंटरगंज में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार
चतरा : हंटरगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 9 सितंबर 2025 को हंटरगंज थाना क्षेत्र के करमा, पाण्डेपुरा में वाहन चेकिंग के दौरान की गई।
पुलिस को देखकर अभियुक्त ने मोटरसाइकिल घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम लक्ष्मण कुमार (उम्र 23 वर्ष, पिता अम्बिका साह, ग्राम टंडवा, थाना प्रतापपुर, जिला चतरा) बताया। उसने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल चोरी की है।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य चोरी की हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल और हंटरगंज थाना कांड संख्या 149/25 (दिनांक 27.07.2025, धारा-303(2) बी.एन.एस.) में चोरी गई मोटरसाइकिल की डिक्की भी बरामद की। इसके अलावा, एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसमें चोरी की मोटरसाइकिल की तस्वीरें थीं।
अभियुक्त को हंटरगंज थाना कांड संख्या 149/25 (दिनांक 27.07.2025, धारा-303(2) बी.एन.एस.) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। चतरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

















