मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दी डॉ. सोनाझारिया मिंज को यूनेस्को को-चेयर पर्सन बनने पर बधाई
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सिदो-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका की पूर्व कुलपति डॉ. सोनाझारिया मिंज ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. मिंज को यूनेस्को की को-चेयर पर्सन नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. सोनाझारिया मिंज यूनेस्को की सह-अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए आदिवासी भाषा, संस्कृति और विरासत जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को मजबूती प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा, “मैं समस्त झारखंडवासियों और विशेष रूप से आदिवासी समुदाय की ओर से आपको शुभकामनाएं देता हूं। यह झारखंड के आदिवासी समुदायों के लिए गर्व का क्षण है। आपके कार्यों से आदिवासी समुदाय के मुद्दों, उनके आत्मनिर्णय के अधिकार और ज्ञान प्रणाली को वैश्विक मंच पर पहचान मिलेगी।”
डॉ. सोनाझारिया मिंज की इस उपलब्धि को झारखंड के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो आदिवासी समुदाय की संस्कृति और विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देगा।


















