बीमारी से परेशान परिवार ने अपनाया था ईसाई धर्म, अब पांच सदस्यों की सरना धर्म में वापसी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड के पेटेएता गांव स्थित बुरुसाई टोला में एक परिवार ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सरना धर्म में वापसी की। टुपरा पुरती ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ बुधवार शाम आयोजित शुद्धिकरण अनुष्ठान में हिस्सा लिया। करीब चार महीने पहले परिवार ने बीमारी से राहत की उम्मीद में ईसाई धर्म अपनाया था। अब परिवार ने स्वेच्छा से अपनी पारंपरिक आदिवासी संस्कृति और सरना धर्म से दोबारा जुड़ने का निर्णय लिया।

परिवार के सदस्यों ने ग्रामीणों को बताया कि वे लंबे समय से बीमारी से परेशान थे। विभिन्न पुजारियों से पूजा-पाठ कराने के बावजूद राहत नहीं मिलने के कारण उन्होंने ईसाई धर्म अपनाया था। बुधवार को गांव के पुजारी सुखराम पुरती ने पारंपरिक विधि-विधान से शुद्धिकरण अनुष्ठान संपन्न कराया। इसमें टुपरा पुरती, उनकी पत्नी शंकरी पुरती (32), बेटी सुनिका पुरती (9), बसंती पुरती (5) और एक वर्षीय पुत्र लक्ष्मण पुरती शामिल हुए। अनुष्ठान के दौरान घर के आंगन में लाल मुर्गे की बलि देने की पारंपरिक रस्म भी निभाई गई।
गुरुवार को आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम ने कहा कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं का संरक्षण जरूरी है। इसके साथ ही डायन-प्रथा, ओझा-तंत्र और झाड़-फूंक जैसी कुरीतियों को दूर करने के लिए सामाजिक जागरूकता बढ़ानी होगी।

उन्होंने कहा कि बीमारी के समय पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिलने पर लोग खुद को असहाय महसूस करते हैं। ऐसी परिस्थितियों में जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने के लिए सामाजिक संगठनों को आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में जगन्नाथपुर अनुमंडल अध्यक्ष बलराम लागुरी, उपाध्यक्ष पुतकर लागुरी, ग्रामीण मुंडा बिरसा पुरती सहित समाज के कई प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने परिवार को सामाजिक सहयोग देने के साथ हो समाज की परंपराओं और आपसी एकजुटता को मजबूत करने की बात कही।

गुमला में महिला किसान दिवस पर गोष्ठी, उत्कृष्ट कार्य करने वाली 24 महिला किसान सम्मानित
निर्मल सिंह गुमला: अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर गुरुवार को गुमला नगर भवन में कृषि विभाग के आत्मा कार्यालय की…

दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने नेमरा पहुंचे केंद्रीय मंत्री, मंत्री और विभिन्न दलों के नेता
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में जनप्रतिनिधियों,…
















