CM should stop showing false dreams to the public and provide answers regarding investment and employment: BJP

सीएम जनता को झूठे सपने दिखाना बंद करें, निवेश और रोजगार पर जवाब दें: भाजपा

Share
Link copied
CM should stop showing false dreams to the public and provide answers regarding investment and employment: BJP
CM should stop showing false dreams to the public and provide answers regarding investment and employment: BJP

रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता को झूठे सपने दिखाकर भ्रमित कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेश, उद्योग, रोजगार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सात वर्षों का हिसाब देने की मांग की।

प्रेस वार्ता में संदीप वर्मा ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और राज्य में बड़े निवेश का सपना दिखाया, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि उसके कार्यकाल में कितने बड़े उद्योग स्थापित हुए और उनसे कितने स्थायी रोजगार सृजित हुए।

भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री की पिछले वर्ष स्वीडन, स्पेन, स्विट्जरलैंड और ब्रिटेन की विदेश यात्रा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार इस दौरे पर खर्च हुए सरकारी धन और उसके बदले प्राप्त वास्तविक निवेश का श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने दावा किया कि अब तक उस दौरे के ठोस परिणाम सामने नहीं आए हैं।

उन्होंने दिल्ली में आयोजित निवेश संबंधी स्टेकहोल्डर बैठक में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे सरकार की गंभीरता पर प्रश्नचिह्न खड़ा होता है।

संदीप वर्मा ने कहा कि यदि सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और डिजिटल गवर्नेंस की बात करती है, तो उसे यह भी बताना चाहिए कि राज्य में अब तक कितने आईटी पार्क, स्टार्टअप हब, टेक्नोलॉजी सेंटर और इनोवेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं तथा इससे युवाओं को कितने रोजगार मिले हैं।

RKDF
Adv

उन्होंने पर्यटन क्षेत्र का मुद्दा उठाते हुए कहा कि झारखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं होने के बावजूद प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सड़क, पेयजल, शौचालय, आवास, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सरकार को इस दिशा में किए गए कार्यों की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने राज्य में बढ़ते अपराध, रंगदारी, अवैध खनन और भ्रष्टाचार का हवाला देते हुए कहा कि निवेशकों का विश्वास मजबूत करने के लिए सुरक्षित और पारदर्शी माहौल जरूरी है। उन्होंने सिंगल विंडो सिस्टम की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाया और कहा कि उद्योग जगत आज भी जटिल प्रक्रियाओं और देरी की शिकायत करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा देने के दावे तो करती है, लेकिन नए उद्यमियों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम चाहती है और भाजपा इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगती रहेगी। प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी तारिक इमरान और नीरज सिंह भी मौजूद रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।