सिमडेगा की निशा मिंज भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के साथ यूके दौरे पर रवाना

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम यूनाइटेड किंगडम (यूके) के एक्सपोजर दौरे के लिए बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हो गई है। यह दौरा 5 से 14 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। 24 सदस्यीय भारतीय टीम में झारखंड के सिमडेगा जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी निशा मिंज को भी शामिल किया गया है।
निशा मिंज सिमडेगा जिले के केरसई प्रखंड स्थित किनकेल गांव की रहने वाली हैं और भारतीय टीम में फॉरवर्ड की भूमिका निभाती हैं। बेहद साधारण परिवार से आने वाली निशा के पिता का निधन हो चुका है। उनकी मां सुचिता मिंज हाट-बाजारों में दाल, चावल और सब्जियों की खरीद-बिक्री कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद निशा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर भारतीय जूनियर टीम में जगह बनाई है।

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम नए मुख्य कोच टिम व्हाइट के नेतृत्व में इस दौरे पर स्कॉटलैंड और इंग्लैंड में कुल सात मुकाबले खेलेगी। यह दौरा आगामी जूनियर एशिया कप सहित अन्य महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों के लिए अहम माना जा रहा है।
दौरे की शुरुआत यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग में स्कॉटलैंड की सीनियर महिला टीम के खिलाफ दो मैचों से होगी। इसके बाद भारतीय टीम लिलेशल नेशनल स्पोर्ट्स सेंटर में संयुक्त राज्य अमेरिका, इंग्लैंड और बेल्जियम की जूनियर टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलेगी।
सिमडेगा की बेटी निशा मिंज के भारतीय टीम में चयन और अंतरराष्ट्रीय दौरे पर रवाना होने से जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की है।
















