महिला आरक्षण लागू करने की मांग पर कांग्रेस का ‘संसद चलो’ अभियान, 21 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

रांची: संसद के आगामी सत्र के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी 21 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘संसद चलो’ कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी होगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस संबंध में मंगलवार को रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुधा प्रसाद ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही महिला आरक्षण की समर्थक रही है, लेकिन केंद्र सरकार कांग्रेस को महिला आरक्षण विरोधी बताने का प्रयास कर रही है।

डॉ. सुधा प्रसाद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम की आड़ में परिसीमन लागू करना चाहती है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी की मांग है कि महिला आरक्षण को बिना किसी देरी के लागू किया जाए, ताकि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार और उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।
उन्होंने बताया कि ‘संसद चलो’ कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने का दबाव बनाएगी और इस मुद्दे पर देशभर की महिलाओं की आवाज को संसद तक पहुंचाएगी।















