रांची में नशीली दवाओं की बिक्री का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनिल रजक (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रेडियम रोड स्थित कुमार मार्केट गली का निवासी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अनिल रजक कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी टीम ने आरोपी के घर पर औचक कार्रवाई करते हुए तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नशीले पदार्थ बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन दवाओं को कॉलेज छात्रों के बीच बेचता था।
गिरफ्तार आरोपी के पास से ONREX कफ सिरप की 19 बोतल (18 पूरी भरी, 1 आंशिक भरी), Nitrosum 10 टैबलेट की कुल 75 गोलियां Redmi 10C स्मार्टफोन, पीले रंग का झोला और चांदी का सिक्का (गणेश छाप) बरामद किया गया है। इस मामले में लालपुर थाना कांड संख्या 64/2026 दिनांक 09.04.2026 के तहत आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 21(b)/22(b) एवं Drugs and Cosmetic Act की धारा 27(b)(ii) के तहत मामला दर्ज किया गया है।


















