जलप्रपातों में उफान के कारण जिला प्रशासन ने जारी की पर्यटकों के लिए सुरक्षा चेतावनी
रांची और आसपास के क्षेत्रों में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण जोन्हा, हुंडरू, दशम, सीता, रिमिक्स फॉल सहित अन्य जलप्रपातों में जलस्तर बढ़ने से खतरनाक स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है, जिसमें इन जलप्रपातों के आसपास के क्षेत्रों में जाने से पूरी तरह बचने की अपील की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जलप्रपातों में तेज जलधारा, फिसलन भरी चट्टानें और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा पर्यटकों के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन स्थानों पर एक छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अनुरोध किया है कि वे जलप्रपातों के आसपास के जोखिम भरे क्षेत्रों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करें। साथ ही मौसम और जलप्रपातों की स्थिति के बारे में स्थानीय समाचारों और प्रशासनिक सूचनाओं पर ध्यान देने की बात कही है। वहीं किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस, प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करने को कहा गया है।
रांची जिला प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी से सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा, “प्रकृति का आनंद सुरक्षित दूरी से ही लें और अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।”

















