वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह को प्रेस क्लब में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, कांफ्रेंस हॉल का नामकरण ‘हरिनारायण सभागार’
रांची : झारखंड के प्रख्यात वरिष्ठ पत्रकार स्व. हरिनारायण सिंह के निधन के बाद रांची प्रेस क्लब के कांफ्रेंस हॉल में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रेस क्लब ने कांफ्रेंस हॉल का नामकरण ‘हरिनारायण सभागार’ करने की घोषणा की, ताकि उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाया जा सके।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने हरिनारायण सिंह के साथ कार्य करने के संस्मरण साझा किए और उनके व्यक्तित्व व पत्रकारिता में योगदान को बेमिसाल बताया। वरिष्ठ पत्रकार अनुज सिन्हा ने कहा, “हरिनारायण सिंह का व्यक्तित्व और कार्य अनुकरणीय था। उनके साथ काम करना मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा।” उनके भाई पशुपतिनाथ सिंह, बेटे राहुल सिंह और भतीजे अनुज सिंह भी सभा में मौजूद थे। राहुल सिंह ने कहा, “मैं अपने पिता के सपनों को आगे बढ़ाने के लिए निष्ठा से काम करूंगा।”
इस दौरान एनआईबीएम के निदेशक मनोज गुप्ता ने हरिनारायण सिंह की स्मृति में हर साल पांच छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने की घोषणा की। वहीं, गांडीव समाचार पत्र के संपादक व प्रेस क्लब के सचिव अमरकांत ने स्व. हरिनारायण सिंह के नाम पर उत्कृष्ट समाचार लेखन के लिए प्रतिवर्ष 10,000 रुपये का पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की।
शोकसभा को वरिष्ठ पत्रकार अनुज सिन्हा, विनय कुमार, सुनील सिंह बादल, सत्यप्रकाश पाठक, प्रमोद झा, मनोज गुप्ता, आनंद मोहन, भरत भूषण प्रसाद, आलोक कुमार सिंह, सुनील सिंह, प्रदीप कुमार, मनोज सिंह, दिलीप कुमार सिंह, चन्दन वर्मा, कमलेश कुमार, पंकज जैन और अखिलेश सिंह ने संबोधित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र लाल सोरेन, सचिव अमरकांत, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, संयुक्त सचिव रतनलाल, कोषाध्यक्ष कुमार सिंह, कार्यकारिणी सदस्य राजू प्रसाद, आलोक कुमार सिन्हा, आरजे अरविंद, सौरभ शुक्ला, चन्दन भट्टाचार्य और मोनू कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

















