ड्यूटी से नदारद मिली महिला डॉक्टर, प्रसव पीड़ा से तड़पती गर्भवती को निजी अस्पताल ले जाना पड़ा

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: सदर अस्पताल सिमडेगा में देर रात प्रसव पीड़ा से तड़पती गर्भवती महिला के इलाज के दौरान ऑन-ड्यूटी महिला चिकित्सक के कथित रूप से अस्पताल में मौजूद नहीं रहने का मामला सामने आया है। चिकित्सक के नहीं मिलने पर परिजन गर्भवती को रेफर कराकर निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका सिजेरियन प्रसव कराया गया।

मामले की जानकारी मिलने पर उपायुक्त कंचन सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीओ सुमंत तिर्की को देर रात सदर अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया। एसडीओ ने अस्पताल पहुंचकर संबंधित चिकित्सकीय दस्तावेजों और मामले की परिस्थितियों की जांच की।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका नामक गर्भवती महिला सदर अस्पताल में भर्ती थी। बुधवार देर रात उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान ऑन-ड्यूटी महिला चिकित्सक शालिनी कुजूर अस्पताल में मौजूद नहीं थीं। महिला की स्थिति को देखते हुए उसके पति मुन्ना ने उसे रेफर कराया और निजी अस्पताल लेकर चले गए।

जांच के दौरान एसडीओ को ऑन-ड्यूटी चिकित्सक के अस्पताल में मौजूद नहीं होने की जानकारी मिली। उन्होंने गर्भवती के इलाज से संबंधित कागजातों की भी जांच की। दस्तावेजों में दर्ज था कि गर्भवती के पति ने अपनी इच्छा से पत्नी को रेफर कराकर दूसरे अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया पूरी की थी। एसडीओ के अनुसार, जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि चिकित्सक ने गर्भवती के परिजनों को पहले ही केस की स्थिति गंभीर होने की जानकारी दी थी। मामले की जांच के बाद एसडीओ ने अपनी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी है।

इधर, परिजनों के मुताबिक प्रियंका को निजी अस्पताल ले जाने के बाद उसका सुरक्षित रूप से सिजेरियन प्रसव कराया गया, जिसके बाद उसने बच्चे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा की विस्तृत चिकित्सकीय स्थिति की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। सदर अस्पताल में ड्यूटी के दौरान चिकित्सक के कथित रूप से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आने के बाद अब जिला प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर है। प्रशासनिक जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
















