घोचोटोली में फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा ने किया उद्घाटन

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: यूथ क्लब घोचोटोली के तत्वावधान में घोचोटोली चर्च मैदान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मुकाबला खिजरी और घोचोटोली बी टीम के बीच खेला गया। मैच में रेफरी की जिम्मेदारी प्रशांत लकड़ा ने निभाई।
आयोजक समिति ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए टीमों को 2001 रुपये प्रवेश शुल्क के साथ अपना नामांकन कराना होगा।

टूर्नामेंट के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 30,000 रुपये एवं ट्रॉफी, द्वितीय विजेता को 15,000 रुपये एवं ट्रॉफी, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 3,100 रुपये पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर वार्ड संख्या-14 के पार्षद गुलशन लकड़ा, अमित बड़ाईक, डेनियल मिंज, वरदान लकड़ा, अर्पण बड़ा, अमित तिर्की समेत आयोजन समिति के सदस्य एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

















